प्यार की कहानी का खौफनाक अंत, 3 दिन बाद अरमान–काजल की लाशें मिलीं

armaan kajal moradabad

मुरादाबाद में दो समुदायों के प्रेम की दर्दनाक कहानी, जंगल में मिले काजल–अरमान के शव

मुरादाबाद के उमरी सब्जीपुर गांव में उस वक्त मातम और दहशत का माहौल बन गया, जब नीम करोली मंदिर के पीछे स्थित जंगल से एक युवक और युवती के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान काजल और अरमान के रूप में हुई है, जो बीते तीन दिनों से लापता थे। दोनों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

तीन दिन पहले अचानक दोनों के गायब होने के बाद परिजनों ने उनकी हर संभव तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को परिजन थक-हारकर थाना पाकबड़ा पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच की शुरुआती कार्रवाई कर ही रही थी कि कुछ ही घंटों बाद गांव से बाहर जंगल में दोनों के शव मिलने की सूचना ने सभी को सन्न कर दिया।

शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हालात को बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत पीएसी तैनात कर दी और पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया।

प्रेम संबंध बना मौत की वजह?

स्थानीय लोगों और ग्राम प्रधान बबलू सैनी के अनुसार, काजल और अरमान के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों अलग-अलग समुदाय से ताल्लुक रखते थे, जिससे मामला और भी संवेदनशील बन गया है। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से उनकी हत्या की गई हो।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सतपाल अंतिल समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के पीछे की साजिश को उजागर करने के लिए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस ऑनर किलिंग, पारिवारिक दबाव और आपसी दुश्मनी समेत सभी संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *