उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से जुड़े एक महत्वपूर्ण न्यायिक घटनाक्रम में उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने चर्चित ब्लॉगर ज्योति अधिकारी को बड़ी राहत दी है। देवी-देवताओं और पहाड़ की महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक भाषा के प्रयोग से जुड़े सात अभियोगों में से पांच अभियोगों में न्यायालय ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।
शीतकालीन अवकाश के दौरान न्यायमूर्ति आलोक महरा की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को तीन सप्ताह के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि सामाजिक माध्यमों (सोशल मीडिया-Social Media) पर साझा की गई पोस्ट को तुरंत हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि भाषा का चयन संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए, ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों।

