कैंचीधाम गोलीकांड में नया मोड़, होटल मालिक ने किया आत्मसमर्पण

giraftar 1

उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के प्रसिद्ध कैंचीधाम क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पिछले शुक्रवार यानी 17 अक्तूबर की देर रात किरौला रेस्टोरेंट में 36 वर्षीय टैक्सी चालक आनंद सिंह की मृत्यु के बाद दर्ज हुए अभियोग के मामले में होटल स्वामी रमेश किरौला ने भवाली कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में कारागार भेज दिया गया।

घटना का विवरण

giraftar

पुलिस व संबंधितों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक आनंद सिंह बेतालघाट क्षेत्र के गढ़खेत गांव का निवासी था और पिछले दो वर्षों से कैंची धाम में टैक्सी चालक के रूप में कार्यरत था। वह किरौला रेस्टोरेंट में रहता व खाता था और खाली समय में रेस्टोरेंट में कार्य भी करता था। शुक्रवार की देर रात्रि जब वह रेस्टोरेंट में भोजन कर रहा था, तभी होटल स्वामी रमेश किरौला की लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली आनंद के गले की बाईं ओर जा लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गयी।

मृतक के छोटे भाई घनश्याम सिंह ने भावली कोतवाली में दी गई शिकायत में कहा कि पिस्टल स्वामी की लापरवाही से आनंद की मृत्यु हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने होटल स्वामी रमेश किरौला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 तथा शस्त्र अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत हत्या का अभियोग दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *